सरकार ने एक बार फिर से दोहराया है कि युद्ध की इस स्थिति में भी घरेलू स्तर पर पेट्रोल व डीजल की कोई कमी नहीं है। एलपीजी सिलिंडर को लेकर हालात सख्त जरूर हैं, लेकिन घबराने वाली बात नहीं है। सरकार ने उपभोक्ताओं से कहा है कि वे ईंधन का भंडारण न करें।
कमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति शुरू
पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कमर्शियल स्तर पर भी सिलिंडर की सप्लाई शुरू कर दी गई है। घरेलू उपभोक्ताओं को पैनिक बुकिंग से बचने की सलाह दी गई है।
रॉयटर के अनुसार, एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार ने तेजी से कदम उठाए हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि उसने संशोधित आपूर्ति आदेश के तहत पाइप से प्राकृतिक गैस कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी सिलिंडर रखने, प्राप्त करने या फिर से भरने से रोक दिया है।
सरकारी तेल कंपनियों को उन उपभोक्ताओं को एलपीजी कनेक्शन या रिफिल प्रदान करने से भी प्रतिबंधित किया गया है, जिनके पास पहले से ही पीएनजी कनेक्शन हैं।
एलपीजी सिलिंडर की जगह पीएनजी पर शिफ्ट होने की अपील
कमर्शियल सिलिंडर के वितरण की जिम्मेदारी राज्य सरकार को सौंपी गई है। एलपीजी के घरेलू उत्पादन में 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकार ने एक बार फिर से लोगों से एलपीजी सिलिंडर की जगह पीएनजी पर शिफ्ट होने की अपील की है।
अभी 33 करोड़ एलपीजी ग्राहक हैं और इनमें से 60 लाख ग्राहक तत्काल रूप से पीएनजी पर शिफ्ट हो सकते हैं। गेल इंडिया को इस काम में उपभोक्ताओं का सहयोग करने का निर्देश दिया गया है।
सभी पेट्रोलियम व गैस कंपनियों को इंटरनेट मीडिया व अन्य माध्यम से एलपीजी और पीएनजी को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए कहा गया है।
सिलिंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए पुलिस सतर्क
सिलिंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए महाराष्ट्र, गोवा, बिहार, ओडिशा, उत्तर प्रदेश समेत दर्जनों राज्यों में 1400 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की गई है और मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। 1300 जगहों पर औचक निरीक्षण किए गए। सभी राज्यों ने जिला स्तर पर सि¨लडर सप्लाई की निगरानी करने के लिए कमेटी बनाने का निर्देश दिया है।
सामान्य दिनों में रोजाना 50-55 लाख घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग होती है। शुक्रवार को बुकिंग की संख्या लगभग 75 लाख थी, जो शनिवार को 88 लाख तक पहुंच गई। पहले 50 लाख सिलिंडर की प्रतिदिन आपूर्ति होती थी। सरकार ने इसमें बढ़ोतरी की और शनिवार को 62 लाख सिलिंडर की आपूर्ति हुई। सीएनजी की आपूर्ति पहले की तरह निर्बाध रूप से जारी है।


