दहेज उत्पीड़न, जबरन गर्भपात और देवर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप; हापुड़ में ससुरालियों पर केस दर्ज

 कोतवाली हापुड़ नगर के एक मोहल्ले की एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने, जबरन गर्भपात कराने और देवर द्वारा दुष्कर्म का प्रयास का आरोप लगाया है।

मामले में एसपी के आदेश पर महिला थाना पुलिस ने पीड़िता के पति, सास-ससुर, देवर और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में मेरठ रोड स्थित एक मोहल्ले की विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी 11 जून 2023 को दिल्ली के शाहदरा स्थित गोरख पार्क के युवक के साथ के साथ हुई थी। विवाह में उसके स्वजन ने करीब 35 से 40 लाख रुपये खर्च किए थे।

दहेज से थे असंतुष्ट

आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग दिए गए दहेज से असंतुष्ट रहने लगे। कुछ ही दिन बाद ससुराल पक्ष के लोग लग्जरी कार और दस लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर आरोपित उसे कम दहेज लाने का ताना देकर प्रताड़ित करने लगे।

पति शराब के नशे में आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और मायके वालों के बारे में अपशब्द कहता था।

आरोप है कि इसी दौरान देवर ने पीड़िता पर उसके साथ अवैध संबंध बनाने का दबाव बनाया और कई बार उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसे धमकी दी गई। जब उसने इसकी शिकायत पति और सास से की तो उन्होंने उल्टा उसे ही गलत ठहराते हुए गाली-गलौज की।

गर्भवती होने पर भी ससुराल पक्ष का उत्पीड़न जारी रहा। आरोप है कि जब वह करीब दो से ढाई महीने की गर्भवती थी तो उसे दवा खिलाई गई, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ समय बाद उसका गर्भपात हो गया।

जान से मारने का प्रयास किया

24 अगस्त 2025 की रात को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और दुपट्टे से गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। किसी तरह उसने माफी मांगकर अपनी जान बचाई। अगले दिन उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद वह अपने मायके आ गई।

मामले में पीड़िता ने महिला थाना में शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उसने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामले में नामजद आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *