भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल को बड़ी सफलता मिली है। 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, के जवानों ने नेपाल से भारत लाई जा रही भारी मात्रा में नेपाली शराब जब्त करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर नेपाल की ओर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 45वीं वाहिनी की सीमा चौकी नियोर द्वारा विशेष नाका ड्यूटी के दौरान यह कार्रवाई की गई। सूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या 229/11 के समीप ग्राम नियोर (अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 150 मीटर भारत की ओर) विशेष घेराबंदी की गई थी।
धेरे का लाभ उठाकर नेपाल की ओर भागे
नाका ड्यूटी के दौरान नेपाल की ओर से भारत की तरफ तीन मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। जवानों द्वारा रोकने पर पीछे से आ रहे दो मोटरसाइकिल सवार अपनी मोटरसाइकिलें छोड़कर सीमा के अत्यंत निकट होने तथा अंधेरे का लाभ उठाकर नेपाल की ओर भाग निकले। मौके पर एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम गगन कुमार पंडित, निवासी ग्राम जीरोगा, वार्ड संख्या 08, थाना आंध्रामठ, जिला मधुबनी (बिहार) बताया। तलाशी के दौरान कुल 356.04 लीटर नेपाली शराब (मामाश्री, दिलवाले, ब्लैक ओक, गोल्डन ओक ब्रांड) तथा तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) भारत भूषण ने किया, जिनके साथ अन्य जवान भी शामिल थे। गिरफ्तार व्यक्ति, जब्त शराब एवं मोटरसाइकिलों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के उपरांत थाना आंध्रामठ को सुपुर्द कर दिया गया है।


