बंगाल के मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बुधवार को बाबरी मस्जिद का निर्माण कार्य शुरू हो गया। तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित भरतपुर के विधायक और जनता उन्नयन पार्टी के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने गत छह दिसंबर को इसकी नींव रखी थी।
इस मोके पर हुमायूं कबीर ने कहा कि जो लोग विरोध कर रहे हैं, मैं उनसे कहूंगा कि वे हट जाएं। बाबरी मस्जिद बनकर रहेगी। लोग अपने धर्म को मानने और मंदिर, चर्च या जो चाहें बनाने के लिए आजाद हैं।
मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद का निर्माण कार्य शुरू
कार्यक्रम की शुरुआत में कुरान का पाठ किया गया। लगभग 1200 हाफिज और मौलवी-मुफ्ती उपस्थित थे। कबीर की नई राजनीतिक पार्टी के बेलडांगा-दो ब्लाक के उपाध्यक्ष असर शेख ने कहा कि 55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली मस्जिद में एक साथ 10,000 से अधिक लोग नमाज अदा कर सकेंगे।
फिलहाल, चार बीघा जमीन पर मस्जिद का निर्माण शुरू किया गया है। लेकिन मस्जिद लगभग सात बीघा जमीन पर बनेगी। हालांकि, 27 बीघा जमीन पहले ही मस्जिद के नाम दर्ज हो चुकी है।
शेष जमीन पर एक स्वास्थ्य केंद्र और एक शैक्षणिक संस्थान बनाने की योजना है। मस्जिद निर्माण के लिए विभिन्न व्यक्तियों और संगठनों द्वारा लगभग 10 करोड़ रुपये का दान पहले ही दिया जा चुका है। मस्जिद का निर्माण कार्य दो साल के भीतर पूरा हो जाएगा।
मुर्शिदाबाद के पुलिस अधीक्षक को धमकी दी
मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में बंगाल पुलिस द्वारा अपने समधी की संपत्ति जब्त करने के मामले हुमायूं ने मुर्शिदाबाद के पुलिस अधीक्षक व लालगोला थाने के प्रभारी को हाथ मरोडऩे की धमकी दी। इसके साथ कहा कि ममता बनर्जी इस बार मुख्यमंत्री नहीं बनेंगी।
बाबरी यात्रा को किया छोटा
हुमायूं ने कहा कि बाबरी यात्रा को छोटा किया गया है। अब यह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 12 पर नदिया जिले के पलाशी से मुर्शिदाबाद के बेलडांगा तक लगभग 22 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।


