पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, तीन की मौत, पांच घायल

2.7kViews
1005 Shares

रविवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां एक तेज रफ्तार ऑल्टो-800 कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कार में कुल आठ लोग सवार थे, जो गोरखपुर जिले के रामपुर गोसाई गांव (थाना बेलाघाट क्षेत्र) के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी लोग दिल्ली से गोरखपुर जा रहे थे। हादसा माइल स्टोन 164.4 पर दोस्तपुर गांव के पास हुआ।

मृतकों में गोरखपुर निवासी विजय यादव (50 वर्ष), उनके छोटे भाई विनय के बेटे वीर (6 वर्ष) और विनय की मौसेरी सास लक्ष्मी पत्नी मुकेश (45 वर्ष) शामिल हैं। कार को विजय यादव का छोटा भाई विनय (35 वर्ष) चला रहा था।

घटना में घायल पांच लोगों को अंबेडकरनगर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।

स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *