अजनर क्षेत्र: तेरहवीं कार्यक्रम में शराबियों का उत्पात, चाकू हमले में युवक की मौत
थाना अजनर क्षेत्र के ग्राम लेवा में सोमवार रात तेरहवीं कार्यक्रम के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई। दिवंगत रामकृपाल के घर पर भोजन का कार्यक्रम चल रहा था, तभी रात करीब 10 बजे अजय अपने साथियों के साथ नशे की हालत में वहां पहुंचा और उत्पात मचाने लगा।
विरोध करने पर हमला
ग्रामीणों के अनुसार, दिवंगत रामकृपाल का पुत्र 18 वर्षीय विकास ने शराबियों का विरोध किया। इस पर आरोपितों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके गर्दन और सीने पर गंभीर चोटें आईं।
बचाव करने वालों पर भी हमला
विकास के शोर मचाने पर उसका भाई आकाश, चाचा सुरजन सिंह, चचेरे भाई अनिल, प्रदीप और जीतू बचाव के लिए पहुंचे। लेकिन आरोपितों ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में मौत
सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां देर रात इलाज के दौरान विकास की मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
सीओ कुलपहाड़ रविकांत गोंड ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


