गन्नौर का लहरी सिंह पार्क होगा आधुनिक, नगर पालिका ने शुरू की नवीनीकरण योजना

2.8kViews
1724 Shares

गन्नौर नगर पालिका ने शहरवासियों को बेहतर पर्यावरण, मनोरंजन और खेल की सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लहरी सिंह पार्क के नवीनीकरण की योजना तैयार की है। इस योजना के तहत पार्क को आधुनिक स्वरूप देने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए जाएंगे।

नए डिजाइन के अनुसार पार्क के चारों ओर चौड़े और मजबूत फुटपाथ बनाए जाएंगे। आकर्षक हरे-भरे लान विकसित किए जाएंगे और आगंतुकों के लिए आरामदायक बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। बच्चों के मनोरंजन के लिए एक अलग किड्स ज़ोन तैयार किया जाएगा, जिसमें आधुनिक झूले और खेल उपकरण लगाए जाएंगे।

युवाओं को ध्यान में रखते हुए पार्क में क्रिकेट अभ्यास के लिए नेट एरिया बनाया जाएगा, ताकि खेल और मनोरंजन दोनों का संतुलन बना रहे। इसके अलावा पार्क में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा भी विकसित की जाएगी, जो फिलहाल उपलब्ध नहीं है।

सुरक्षा और सुविधा पर जोर

योजना के तहत पार्क में दो मुख्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे, जिससे लोगों का आवागमन सुगम होगा। सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए आकर्षक लाइटिंग सिस्टम, सार्वजनिक शौचालय और सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी प्रस्ताव है।

गन्नौर को नई पहचान

नगरपालिका अध्यक्ष अरुण त्यागी ने बताया कि यह योजना शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण और आधुनिक सुविधाएं देने के उद्देश्य से तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि लहरी सिंह पार्क के नवीनीकरण का एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है और तकनीकी स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

त्यागी ने यह भी कहा कि सुंदरीकरण के बाद यह पार्क न केवल लोगों के सैर-सपाटे और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि गन्नौर की सुंदरता और पहचान को भी नई ऊंचाई देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *