मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को बस ने मारी टक्कर, 23 घायल

2.3kViews
1684 Shares

मौनी अमावस्या के अवसर पर गंगा स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वाहन को शनिवार सुबह एक निजी बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में संत कबीर नगर जिले के लोहरौली और सांथा क्षेत्र के रहने वाले संतराम, कर्मराज, राम अंजोर सहित कुल 23 श्रद्धालु घायल हो गए।

घटना शहर के समीप जोगापुर इलाके में प्रयागराज–अयोध्या हाईवे पर हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए राजा प्रताप बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इनमें से पांच श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि शेष को हल्की चोटें लगी हैं। पिकअप वाहन का चालक गिरीश चंद्र इस हादसे में बाल-बाल बच गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण हुआ। सुबह के समय हाईवे पर कोहरा छाया हुआ था, जिससे वाहन चालकों को सामने का दृश्य स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *