जयपुर में तेज रफ्तार ऑडी ने 16 लोगों को टक्कर मारी, 1 की मौत, 3 गंभीर
जयपुर के मानसरोवर इलाके में शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने भयावह हादसा मचा दिया। कार ने पहले डिवाइडर से टकराया और इसके बाद सड़क किनारे खड़े लगभग 16 लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर है।
मुहाना थाना अधिकारी गुरु भूपेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद कार पलट गई। कार में सवार चार लोग मौके से फरार हो गए, जबकि भीड़ ने दो लोगों को पकड़कर मारपीट की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पकड़े गए लोग नशे में थे।
प्राथमिक उपचार के बाद 10 घायलों को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में मारे गए व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
इस गंभीर घटना की जानकारी मिलते ही उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खिंवसर और विधायक गोपाल शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों की हालचाल जाना।
पुलिस ने ऑडी कार को जब्त कर लिया है और फरार चार लोगों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और नागरिकों से सुरक्षित ड्राइविंग का पालन करने की अपील की गई है।

