जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली

1413 Shares

जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण कर ली। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची स्थित लोक भवन के बिरसा मंडप में आयोजित समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर राज्य के राजनीतिक और न्यायिक जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित झारखंड उच्च न्यायालय के कई वरिष्ठ न्यायाधीश, अधिवक्ता और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान न्यायपालिका की गरिमा और संवैधानिक मूल्यों पर विशेष जोर दिया गया।

जस्टिस सोनक गुरुवार को रांची पहुंचे थे। राजधानी पहुंचने पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और रजिस्ट्री के अधिकारियों ने उनका औपचारिक स्वागत किया। मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालने से पहले वे मुंबई उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे।

जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक का न्यायिक और विधिक करियर अत्यंत समृद्ध रहा है। उन्होंने अक्टूबर 1988 में महाराष्ट्र एवं गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकन कराया था। इसके बाद उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट की पणजी पीठ में लंबे समय तक वकालत की। इस दौरान उन्होंने सिविल एवं संवैधानिक कानून, श्रम और सेवा कानून, पर्यावरण कानून, वाणिज्यिक एवं कर कानून, कंपनी कानून के साथ-साथ जनहित याचिकाओं के क्षेत्र में व्यापक और प्रभावी प्रैक्टिस की।

न्यायिक क्षेत्र में उनके अनुभव और विशेषज्ञता को देखते हुए उनके झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बनने से न्यायिक प्रशासन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *