मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सरौनी गांव में जंगली हाथियों के आतंक से दहशत का माहौल बना हुआ है। देर रात हाथियों के एक झुंड ने गांव में घुसकर भारी उत्पात मचाया और इस दौरान एक दंपती पर हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में आदित्य राणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
ग्रामीणों के अनुसार, रात के समय अचानक हाथियों का झुंड गांव की आबादी वाले हिस्से में प्रवेश कर गया। हाथियों की अचानक मौजूदगी से लोग संभल भी नहीं पाए थे कि इसी दौरान आदित्य राणा और उनकी पत्नी हाथियों की चपेट में आ गए। हाथियों के तांडव से पूरे गांव में अफरातफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना के बाद ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए घायल महिला को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उनका इलाज जारी है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि सरौनी गांव समेत आसपास के इलाकों में लगातार हाथियों की आवाजाही देखी जा रही है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने और हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में इस तरह की और भी दुखद घटनाएं हो सकती हैं।

