द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर रैश ड्राइविंग और खतरनाक स्टंट का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में महिंद्रा थार में सवार युवक चलती गाड़ी की खिड़की से आधा शरीर बाहर निकालकर स्टंट करता नजर आ रहा है। वीडियो में स्पष्ट दिखता है कि युवक कुछ समय तक खिड़की के ऊपरी हिस्से पर बैठकर वीडियो शूट करता रहा, जबकि वाहन तेज रफ्तार में एक्सप्रेसवे पर दौड़ रहा था।
वीडियो के अनुसार, थार चालक लगातार लेन बदलते हुए आगे बढ़ता रहा, जिससे न केवल स्टंट करने वाले युवक की जान जोखिम में पड़ी, बल्कि एक्सप्रेसवे पर चल रहे अन्य वाहनों के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ। यह पूरा घटनाक्रम थार के पीछे चल रही एक अन्य कार में सवार व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया।
रिकॉर्ड करने वाले व्यक्ति ने वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड करते हुए गुरुग्राम पुलिस और दिल्ली पुलिस को टैग किया और तत्काल कार्रवाई की मांग की। यूजर ने पोस्ट में लिखा कि इस तरह के स्टंट हाईवे सेफ्टी नियमों का खुला उल्लंघन हैं और इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
गौरतलब है कि द्वारका एक्सप्रेसवे पर इससे पहले भी तेज रफ्तार, स्टंट और लापरवाह ड्राइविंग के कई वीडियो सामने आ चुके हैं। ट्रैफिक पुलिस बार-बार चेतावनी जारी कर चुकी है कि इस तरह की हरकतें मोटर व्हीकल एक्ट के तहत दंडनीय अपराध हैं, जिनमें भारी जुर्माना, लाइसेंस रद्द और वाहन जब्ती तक की कार्रवाई हो सकती है।
अब देखना यह है कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस वाहन और स्टंट करने वाले युवक की पहचान कर उनके खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई करती है। एक्सप्रेसवे जैसे हाई-स्पीड कॉरिडोर पर इस तरह की लापरवाही को लेकर एक बार फिर यातायात सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।

