कहीं बारिश तो कहीं बर्फबारी…नए साल में देशभर में बदलेगा मौसम, शीतलहर और घने कोहरे में चपेट में उत्तर भारत

2.3kViews
1642 Shares

 वर्ष की अंतिम तारीख उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे के साये में रही। नए वर्ष में यह और गहराने वाला है। पहाड़ी राज्यों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जबकि मैदानी इलाकों में बादल, हल्की वर्षा और तेज होती उत्तरी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है।

मौसम विभाग (आइएमडी) के अनुसार ठंड का दौर अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है और जनवरी के पहले सप्ताह में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जाएगी। दस दिनों के भीतर लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभों ने उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित किया है।

इस समय पंजाब के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण दो जनवरी तक पहाड़ों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी और मैदानी भागों में बारिश के आसार हैं।

पश्चिमी विक्षोभ के भारत में प्रवेश की संभावना

पांच जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ के भारत में प्रवेश की संभावना है, जिससे ठंड और तेज होगी और न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आ सकती है। वर्ष के अंतिम दिन पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए हुए हैं। एक जनवरी को दिल्ली और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी बारिश के आसार

पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी बारिश के आसार हैं। हालांकि धुंध और कोहरे के कारण एक-दो दिन तक न्यूनतम तापमान में बहुत अधिक गिरावट नहीं होगी, लेकिन बारिश के बाद ठंड का असर बढ़ेगा। इसके बाद उत्तर की ओर से चलने वाली ठंडी हवाएं तेज होंगी, जिनका सीधा असर पंजाब, हरियाणा और एनसीआर में दिखाई देगा। इसके कारण न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आएगी।

तीन और चार जनवरी से यही ठंडी हवाएं बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंचेंगी, जिससे वहां भी शीतलहर की स्थिति बन सकती है। इस दौरान के लिए मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है, जो कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। कोहरे को लेकर भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घना कोहरा छाए रहने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में पांच जनवरी तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में दो जनवरी तक और पश्चिमी राजस्थान में तीन जनवरी तक कोहरे का असर रह सकता है। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।

पश्चिमी हवाएं कमजोर पड़ गई हैं और उत्तर की ठंडी हवाओं का असर बढ़ रहा है, जिससे ठिठुरन महसूस की जा रही है। उत्तर प्रदेश और बिहार में ठंडी हवाओं का प्रकोप जारी है और इसका असर मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ तक दिखने लगा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तीन जनवरी के बाद आसमान साफ होने लगेगा, लेकिन इसी के साथ न्यूनतम तापमान नीचे जाएगा, जिससे ठंड और ज्यादा सताएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *