दिल्लीवाले ध्यान दें! न्यू ईयर पर CP और इंडिया गेट जाने से पहले पढ़ लें यह नियम; ट्रैफिक अलर्ट जारी

2.2kViews
1408 Shares

नववर्ष 2026 की पूर्व संध्या पर कनॉट प्लेस और उसके आसपास के क्षेत्रों में अपेक्षित भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने निजी और प्राइवेट वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी है। पुलिस ने सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रैफिक नियम लागू किए हैं। 31 दिसंबर 2025 को शाम 7 बजे से न्यू ईयर सेलिब्रेशन खत्म होने तक यह प्रभावी रहेंगे।

इस दौरान सभी निजी और सार्वजनिक परिवहन वाहनों पर प्रतिबंध लागू होगा, जब तक कि विशेष अनुमति न दी गई हो। कोई भी वाहन कनॉट प्लेस की ओर इन बिंदुओं से आगे नहीं बढ़ सकेगा- मंडी हाउस गोलचक्कर, बंगाली मार्केट गोलचक्कर, रंजीत सिंह फ्लाईओवर का उत्तरी छोर, मिंटो रोड-डीडीयू मार्ग क्रॉसिंग, चेल्म्सफोर्ड रोड (मुंजे चौक के पास), आर.के. आश्रम मार्ग-चित्रगुप्त मार्ग क्रॉसिंग, गोल मार्केट गोलचक्कर, जीपीओ गोलचक्कर, पटेल चौक, कस्तूरबा गांधी रोड-फिरोजशाह रोड क्रॉसिंग, जय सिंह रोड-बंगला साहिब लेन और विंडसर प्लेस गोलचक्कर।

वहीं पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। गोल डाक खाना के निकट काली बारी मार्ग, पंडित पंत मार्ग और भाई वीर सिंह मार्ग पर पार्किंग उपलब्ध होगी। अन्य निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों में रकाब गंज रोड (एआईआर के पीछे), कॉपरनिकस मार्ग (बारोडा हाउस तक), डीडीयू मार्ग और प्रेस रोड (मिंटो रोड के पास), आर.के. आश्रम मार्ग, चित्रगुप्त रोड व बसंत रोड, कोपरनिकस लेन और कस्तूरबा गांधी मार्ग (सी-हेक्सागन की ओर), बाबर रोड व तानसेन मार्ग, विंडसर प्लेस (राजेंद्र प्रसाद रोड व रायसीना रोड), पेशवा रोड व भाई वीर सिंह मार्ग के साथ सर्विस रोड तथा जंतर मंतर रोड व रायसीना रोड शामिल हैं।

उत्तर-दक्षिण दिशा में यातायात के लिए वैकल्पिक मार्गों में रिंग रोड (आईएसबीटी से आश्रम), दिल्ली गेट-बहादुर शाह जफर मार्ग-मथुरा रोड तथा रानी झांसी मार्ग-पंचकुइयां रोड-मंदिर मार्ग (हनुमान मूर्ति से रिंग रोड तक) सुझाए गए हैं। पूर्व-पश्चिम दिशा में रिंग रोड-भैरों रोड-मथुरा रोड, सुभाष भर्ती मार्ग-मदर टेरेसा क्रेसेंट तथा पार्क स्ट्रीट-शंकर रोड का उपयोग किया जा सकता है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से अपील की है कि प्रभावित सड़कों से जहां तक संभव हो बचें, अपनी यात्रा पहले से अच्छी तरह योजना बनाएं तथा आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन या हवाई अड्डे जाने वाले यात्रियों को पर्याप्त अतिरिक्त समय रखना चाहिए ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *