सुधीर भारती हत्याकांड: हत्यारोपितों के घरों पर तोड़फोड़, दारोगा समेत तीन निलंबित

2.0kViews
1872 Shares

 छात्र सुधीर भारती की हत्या के बाद दूसरे दिन भी मुंडेरी उर्फ गढ़वा गांव और कस्बे में तनाव बना रहा। शनिवार को भी ग्रामीणों का आक्रोश सड़कों पर दिखा। गिरफ्तारी न होने से नाराज लोग सुबह से ही एकजुट होकर प्रदर्शन करने के साथ ही आरोपितों के घर व दुकान में तोड़फोड़ की। हालात की गंभीरता को देखते हुए गांव और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

आरोपियों की तलाश में पिपराइच पुलिस व क्राइम ब्रांच की चार टीम छापेमारी कर रही है। देर शाम पुलिस ने दयानंद उर्फ छोटू व विनय को हिरासत में ले लिया। देर रात एसएसपी राजकरन नय्यर ने हल्का दारोगा श्रेयांश सिंह और बीट प्रभारी रामबोध, आरक्षी अजीत सिंह को निलंबित कर दिया।

शनिवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतर आए। गुस्साई भीड़ ने हत्या के आरोपित विनय भारती, दयानंद उर्फ छोटू और रोशन के घरों पर हमला कर दिया। विनय के दो घरों में जमकर तोड़फोड़ की। घर में रखा अनाज निकालकर सड़क पर फेंक दिया।

वहीं दयानंद के घर पर दूसरी बार हमला हुआ और घरेलू सामान क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हालात को संभालने के लिए पुलिस मौके पर मौजूद रही, लेकिन भीड़ के आगे असहाय नजर आयी। मकान का ताला तोड़कर फ्रिज, वाशिंग मशीन, किचन के बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान नष्ट कर दिए। आक्रोश इस कदर बढ़ा कि रोशन के पालतू कुत्तों पर भी हमला किया गया।

लगातार हो रही तोड़फोड़ और कानून व्यवस्था बिगड़ने के संकेतों के बाद प्रशासन सख्त हुआ। पुलिस-प्रशासन ने विनय और दयानंद उर्फ छोटू के घर पर ताला लगा दिया। बाद में रोशन के मकान पर भी ताला लगवाया गया। देर शाम तक एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार, सीओ मनीष शर्मा हालात संभालने में जुटे रहे। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम मृतक सुधीर का शव एंबुलेंस से गांव लाया गया।

इसके बाद फोर्स की मौजूदगी में पिपराइच के रामघाट ले जाया गया, जहां पिता राजेश ने अंतिम संस्कार किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या में प्रयुक्त असलहा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गई है। इस बिंदु पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। फिलहाल गढ़वा गांव और आसपास के इलाकों में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।नगर पंचायत पिपराइच मियां मिल कालोनी स्थित आरोपित रोशन भारती के डीजे की दुकान का सामना तोड़ कर फेंका गया। जागरणयह है मामला
शुक्रवार दोपहर करीब 1:15 बजे को-ऑपरेटिव इंटर कॉलेज पिपराइच के खेल मैदान में कक्षा 11 के छात्र सुधीर भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पिता की तहरीर पर विनय भारती, दयानंद उर्फ छोटू, रोशन मियां और ऋषभ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद पुलिस के देर से पहुंचने पर हालात बेकाबू हो गए थे, जिसके बाद से गांव में लगातार तनाव बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *