फिरोजाबाद में टूंडला मार्ग को फोरलेन की सौगात, अवागढ़ से जिनावली तक 9 KM तक 10 मीटर होगा चौड़ा

2.0kViews
1287 Shares

पड़ोसी जनपद फिरोजाबाद में टूंडला मार्ग (राज्य मार्ग-31) के एक बड़े हिस्से को फोरलेन कराने की मंजूरी मिल जाने के बाद एटा जनपद में भी इसी मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जनता अब सवाल उठा रही है कि जब फिरोजाबाद में फोरलेन का कार्य स्वीकृत हो गया है तो एटा सीमा में यह सुविधा कब मिलेगी।

जनप्रतिनिधियों से आम जनता मांग करती रही है। इसके बाद भी राज्य सरकार जनपद की सीमा में टूंडला–एटा मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को मंजूरी नहीं दे सकी है। फिलहाल सवाल यही है फिरोजाबाद में फोरलेन को हरी झंडी मिल गई, अब जनपद की बारी कब आएगी।

अवागढ़ से जिनावली तक नौ किमी को चौड़ीकरण कराने की चुकी है मंजूरी

जनपद मुख्यालय से टूंडला की दूरी 50 किमी है। इसमें से 22.5 किमी का हिस्सा जनपद फिरोजाबाद में आता है, जबकि 27.5 किमी एटा में है। शासन ने फिरोजाबाद में टूंडला–आवागढ़ मार्ग को 17.50 किमी तक सड़क को सात मीटर से बढ़ाकर फोरलेन किए जाने एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस परियोजना को 99.23 करोड़ रुपये से पूरा कराया जाएगा। यह कार्य फिरोजाबाद जनपद के निर्माण खंड-2 द्वारा कराया जाएगा।

जनपद में 18 किमी हिस्सा के नवीनीकरण कराने का समय दिसंबर 2026 में होगा पूरा

फिरोजाबाद में इस परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद जनपद के लोगों में असंतोष भी देखने को मिल रहा है। टूंडला–एटा मार्ग पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। सड़क संकरी होने और भारी यातायात के कारण आए दिन जाम व दुर्घटनाएं होती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनपद की सीमा में सड़क की हालत भी खराब है और यहां भी फोरलेन की ही जरूरत है। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं हो सकी है।

अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-1 आदेश कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद में 27.5 किमी जनपद का हिस्सा आता है। इसमें अवागढ़ से जिनावली तक नौ किमी को 10 मीटर चौड़ा करने की मंजूरी मिल चुकी है। 18 किमी सड़क का नवीनीकरण समय दिसंबर 2026 में पूरा होगा। इसके बाद प्रस्ताव भेजा जाएगा और तब मंजूरी मिलने की संभावनाएं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *