भूमाफिया लाली के बेटे आयुष की दबंगई चरम पर, फिर बीच सड़क युवक को बेरहमी से पीटा; वीडियो वायरल

2.4kViews
1130 Shares

कल्याणपुर में बीते दिनों युवक को अर्धनग्न कर बुरी तरह से पीटने और अमानवीय व्यवहार करने वाले आरोपित आयुष शुक्ला और उसके साथियों का एक और दबंगई का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित हो रहा है।

आरोपित अपने चचेरे भाई तुषार और एक अन्य साथी के साथ मिलकर एक युवक को बेल्ट से पीटता हुआ नजर आ रहा है जबकि साथी युवक पीड़ित पर चप्पल बरसा रहा है। वीडियो प्रचलित होने के बाद पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।

बीते दिनों कल्याणपुर के खुर्द निवासी भूमाफिया अशोक शुक्ला उर्फ लाली शुक्ला के बेटे आयुष शुक्ला और अन्य साथियों का रसूलाबाद के रहने वाले वेदांश की बेरहमी से पिटाई और अर्धनग्न कर अमानवीय व्यवहार करने का वीडियो प्रचलित होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की खिलाफ कार्रवाई की थी।

वहीं, सोमवार सुबह पुनः आरोपित आयुष का एक और दबंगई का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रचलित हो गया। वीडियो कल्याणपुर के पनकी रोड के पास का बताया जा रहा है।

वीडियो में आयुष शुक्ला,अपने साथी अमन चंदेल और देवांग के साथ मिलकर एक युवक को बीच सड़क बेल्ट से पिटाई करता हुआ दिखाई दे रहा है।

49 सेकेंड के इस वीडियो में लगातार आरोपित बेल्ट और चप्पल से युवक को पीटते नजर आ रहे है।बताया जा रहा है कि वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से आरोपित लगातार इस तरह के कृत्य को अंजाम देता है।

अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम कपिल देव सिंह ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।आरोपितों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *