गुरुग्राम में पेट्रोल डालकर पत्नी को जिंदा जलाया, पति ने ससुराल में हुई कहासुनी का लिया बदला

2.1kViews
1582 Shares

ससुराल में कहासुनी का बदला लेने के लिए एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से मारपीट की। इसके बाद पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना 30 नवंबर की रात की है। रोहतक पीजीआई में इलाज के दौरान सोमवार को महिला ने दम तोड़ दिया। इस मामले में मायकेवालों की शिकायत पर भोंडसी थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया।

मृत महिला की पहचान भोंडसी क्षेत्र के रायसीना की रहने वाली 37 वर्षीय नीतू के रूप में की गई। पुलिस के मुताबिक एक दिसंबर को सोहना अस्पताल से महिला के आग लगने से झुलसने की सूचना मिली थी। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पहले गुरुग्राम फिर रोहतक पीजीआई रेफर किया गया था।

पुलिस टीम ने पीजीआई पहुंचकर महिला के बयान दर्ज किए थे। बयान में महिला ने कहा था कि उसकी शादी 16 साल पहले रायसीना के रहने वाले आनंद से हुई थी। 30 नवंबर की रात आनंद शराब पीकर घर आया और झगड़ा करने के बाद मारपीट की।

इसके बाद उसने घर में खड़ी बाइक से पेट्रोल निकालकर इसके ऊपर छिड़क दिया और लाइटर से आग लगा दी। आग लगने के बाद यह जलते हुए गली में भागी तो इसके ससुर व परिवार के लोग वहां आ गए। सोमवार को इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सोमवार को रायसीना गांव से आरोपित पति आनंद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि कुछ दिन पहले इसकी ससुराल में साली की शादी थी। इस दौरान ससुरालवालों से कहासुनी हो गई थी। इसकी रंजिश रखते हुए इसने 30 नवंबर को नीतू से मारपीट के बाद आग लगा दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *