दिल्ली में जर्जर हालत में पुलिस बूथ, राहगीरों में भय का माहौल; कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

1746 Shares

कानून व्यवस्था की मजबूती के लिए बनाए गए पुलिस बूथ जर्जर अवस्था में हैं और इनमें से रोहिणी व मंगोलपुरी के कुछ पुलिस बूथ बंद भी हो चुके हैं।

रोहिणी सेक्टर-22 हनुमान चौक और मंगोलपुरी जे-ब्लॉक स्थित पुलिस बूथ बंद हो चुके हैं। कई पुलिस पर ताले लटके नजर आए। इनमें कई बूथ उन क्षेत्रों में हैं, जहां झपटमारी कई कई घटनाएं हो चुकी हैं।

रोहिणी, मंगोलपुरी, किराड़ी आदि क्षेत्र के कई पुलिस बूथ की दैनिक जागरण ने पड़ताल की। जर्जर अवस्था के बाद दो बूथ छह माह से अधिक समय से बंद पड़े हैं। रोहिणी जिला पुलिस के अमन विहार थाना अंर्तगत रोहिणी सेकटर-22 हनुमान चौक स्थित पुलिस बूथ के खिड़की-दरवाजे गायब हो चुके हैं। केबिन क्षतिग्रस्त हो चुकी है।

इसी प्रकार बाहरी जिला के मंगोलपुरी जे-ब्लॉक स्थित पुलिस बूथ बिना खिड़की व दरवाजे के नजर आया। बूथ के अंदर गंदगी व पत्थर पड़े हुए दिखाई दिए। इसके अलावा दीवारों पर मकड़ी के जाल व मिट्टी और कचरा पड़ा मिला।

मंगोलपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बने यह बूथ मंगोलपुरी वाई-ब्लॉक से एस-ब्लॉक की जाने वाली मुख्य सड़क पर बना हुआ। यहां से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग गुजरते हैं। हालांकि, इस बूथ के आधा किलोमीटर के आसपास दो थाने व दो पुलिस बूथ भी है। लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से इस बूथ की अपनी अहमियत है।

थाना राजापार्क थाना अंतर्गत सुल्तानपुरी शनिबाजार रोड पर स्थित एफ-ब्लॉक पार्क के पास पुलिस बूथ खुला दिखा। जिसमें पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर तैनात नजर आए। सुल्तानपुरी एच-ब्लॉक स्कूल के पास पुलिस बूथ के अलावा प्रेम नगर थाना अंतर्गत किराड़ी के 70 फीट रोड पर राशन दफ्तर चौक पर बने पुलिस बूथ में पुलिसकर्मी मौजूद नजर आए।

इसके अलावा विजय विहार थाना क्षेत्र के बुध विहार श्मशान घाट रोड पर पानी की टंकी के सामने पुलिस बूथ पर जवान मुस्तैद दिखे।

पुलिस बूथ पर लटके नजर आए ताले

क्षेत्र में विभिन्न इलाकों में पुलिस बूथ बंद भी पाए गए। रोहिणी सेक्टर-7 पहुंची। नार्थ रोहिणी थाना क्षेत्र के ई-3 ब्लॉक में बने पुलिस बूथ के दरवाजे पर ताला लगा हुआ दिखाई दिया। राहुल ने बताया कि इस बूथ में प्रतिदान रात को निजी सुरक्षा गार्ड रहता है। जबकि कभी-कभी पुलिसकर्मी यहां आ जाते हैं। जबकि बुध विहार फेस-1 के नाले पर बने बूथ पर भी ताला लटका हुआ दिखाई दिया। रमेश ने कहा कि यहां पुलिसकर्मी बहुत कम दिखते है। जबकि यहां कई आपराधिक घटनाएं भी हो जाती है

पुलिसकर्मियों के यहां न रहने की वजह से इस पुलिस बूथ की हालत खराब हुई है। यहां रात के समय माहौल इतना खराब हो जाता है कि हमें यहां से गुजरने के लिए कई बार सोचना पड़ता है। क्योंकि यहां कई बार छीनछपटी व लूटपाट जैसी घटनाएं हो चुकी है। – रिंकू, रोहिणी सेक्टर-22

पुलिस बूथ खंडहर होने की वजह से यहां आसपास असामाजिक गतिविधियां भी बढ़ रही है। जिसके कारण यहां अपराध भी बढ़ते जा रहे है। जब यहां पुलिसकर्मी रहते थे, तो किसी तरह का डर नहीं था। – इब्राहिम, मंगोलपुरी

मैं अक्सर यहां वे गुजरता हूं, लेकिन इस बूथ पर पुलिसकर्मी काफी कम ही दिखाई देते हैं। अधिकतर यहां ताला लटका रहता है। जबकि यहां काफी घटनाएं होती है। इसी कारण यहां पुलिसकर्मी रहेंगे। तो बेहतर रहेगा। – राकेश, राहगीर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *