भारत तीसरी बार ख़िताब जीतने को बेताब, ओडिशा के 3 युवा खिलाड़ी टीम में शामिल

2.3kViews
1667 Shares

तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै शहरों में खेले जाने वाले 14वें पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप में दुनिया के 24 देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

भारत इससे पहले 2013 (दिल्ली), 2016 (लखनऊ) और 2021 (भुवनेश्वर) में इस टूर्नामेंट की सफल मेजबानी कर चुका है।

भारत दो बार चैंपियन बना

भारत अब तक दो बार—2001 (ऑस्ट्रेलिया) और 2016 (भारत) में चैंपियन बनने में सफल हुआ है।  पिछले दो संस्करणों-  2021 और 2023  में भारत चौथे स्थान पर रहा था। इस बार उम्मीद की जा रही है कि घरेलू मैदान और समर्थकों के हौसले के साथ भारतीय टीम  तीसरी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

प्रतियोगिता के लिये घोषित 18 सदस्यीय भारतीय टीम में ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के तीन खिलाड़ी शामिल हैं। इन तीनों प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों का संक्षिप्त परिचय

रौशन कुजूर

ओडिशा के प्रतिभाशाली मिडफील्डर रौशन कुजूर इस जूनियर विश्व कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। राजगांगपुर प्रखंड के समलेईमुंडा  डमपोष गांव निवासी ईसाक कुजूर के 20 वर्षीय पुत्र रौशन ने 2015 में पानपोष हॉकी हॉस्टल में प्रवेश लिया था।

पिछले वर्ष नीदरलैंड दौरे से अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करने के बाद उन्होंने जूनियर एशिया कप, सुल्तान ऑफ जोहोर कप (2024 व 2025) में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अब वे विश्व कप में भी खेलेंगे। वर्तमान में वे टाटा हॉकी अकादमी, भुवनेश्वर में प्रशिक्षण ले रहे हैं। हॉकी इंडिया लीग में वे कलिंग लांसर्स टीम का हिस्सा हैं।

अनमोल एक्का

राजगांगपुर प्रखंड के केसरामाल (फर्साडीपा) गांव में जन्मे 19 वर्षीय  अनमोल एक्का, तोषील एक्का के पुत्र हैं। 2018 में वे सुन्‍दरगढ़ साई केंद्र में चयनित हुए और 2020 में उन्हें नवल टाटा हॉकी अकादमी (भुवनेश्वर) में प्रवेश मिला।

गत वर्ष नीदरलैंड दौरे से अंतरराष्ट्रीय करियर शुरू करने के बाद उन्होंने जूनियर एशिया कप, सुल्तान ऑफ जोहोर कप (2024 एवं 2025) में भारत का प्रतिनिधित्व किया। अब उन्हें विश्व कप में खेलने का अवसर मिला है। विश्व कप के बाद वे हॉकी इंडिया लीग में रांची रॉयल्स की ओर से खेलेंगे।

आद्रोहित एक्का

19 वर्षीय मिडफील्डर आद्रोहित एक्का कुतरा ब्लॉक के समलाइमुंडा गांव निवासी बेंजामिन एक्का के पुत्र हैं। 2017 में वे पानपोष हॉकी हॉस्टल में शामिल हुए।

वहां उन्होंने कोच पीटर सोरेन, प्रफुल्ल तिर्की, लक्ष्मीनारायण तथा बी.जे. कारियप्पा से प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस वर्ष जून में उन्हें पहली बार भारतीय जूनियर टीम में चुना गया और उन्होंने जर्मनी में आयोजित 4-राष्ट्र टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। इसके बाद वे सुल्तान ऑफ जोहोर कप में भारतीय टीम के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहे। अब उन्हें जूनियर विश्व कप 2025 के लिए भी चयनित किया गया है।

शांत, संयमित और रचनात्मक खेल शैली के कारण उन्हें भारतीय हॉकी के उभरते हुए उज्ज्वल प्रतिभाओं में से एक माना जा रहा है। आने वाली हॉकी इंडिया लीग में वे तमिलनाडु ड्रैगन्स टीम से खेलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *