दिल्ली ब्लास्ट के बाद यूपी में हड़कंप: लखनऊ-सहारनपुर में डॉक्टरों के घरों पर छापेमारी, सुरक्षा एजेंसियों को मिले नए सुराग!

2.1kViews
1228 Shares

राजधानी दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट में 10 लोगों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश की सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। लखनऊ, सहारनपुर और लखीमपुर खीरी में बीते मंगलवार को संदिग्धों के घरों और अस्पतालों में छापेमारी की गई। जांच टीमों ने संदिग्धों और उनके परिवार वालों से पूछताछ की।

लखनऊ में डॉक्टर शाहीन शाहिद के घर छापा
लखनऊ में एटीएस, स्थानीय पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त टीम ने डॉ. शाहीन शाहिद के घर तलाशी ली। शाहीन को दिल्ली ब्लास्ट केस में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। टीम ने घर से दस्तावेज बरामद किए और परिवारवालों से पूछताछ की। शाहीन के पिता ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी के इस मामले में किसी भी गतिविधि की जानकारी नहीं थी।

सहारनपुर में डॉ. आदिल अहमद की गिरफ्तारी
सहारनपुर में रहने वाले डॉ. आदिल अहमद को 7 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। आदिल, जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के रहने वाले हैं और पिछले छह महीने से सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में काम कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि उन्होंने शहर में किराए का मकान लिया था और रात में कुछ संदिग्ध उनसे मिलने आते थे। अब उनके संपर्कों की पूरी जांच की जा रही है।

लखीमपुर खीरी में मोहम्मद सुहैल पर छापेमारी
लखीमपुर खीरी के मोहम्मद सुहैल को गुजरात एटीएस ने गिरफ्तार किया है। उनके परिवार का कहना है कि सुहैल निर्दोष हैं और पिछले तीन साल से मदरसे में पढ़ाई कर रहे थे। सुहैल की मां ने कहा कि उनका बेटा बहुत ही सीधा-सादा है और उसे फंसाया गया है।

राज्यभर में बढ़ाई गई सुरक्षा
इस ब्लास्ट के बाद उत्तर प्रदेश के सभी प्रमुख जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मॉल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बाजारों में सघन जांच की जा रही है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड भी तैनात हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सभी जिलों में 24 घंटे निगरानी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *