“भैया, क्या कर रहे हो, मत करो,” चलती बाइक पर रैपिडो ड्राइवर कर रहा था गलत हरकतें, फिर उसने लड़की के साथ…

3.3kViews
1211 Shares

सिलिकॉन वैली के नाम से मशहूर बेंगलुरु में एक बार फिर महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर की एक युवती ने रैपिडो (Rapido) बाइक ड्राइवर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर अपने साथ हुई शर्मनाक घटना को साझा किया है। पीड़िता के अनुसार गुरुवार शाम को चर्च स्ट्रीट से अपने पीजी लौटते समय ड्राइवर ने चलती बाइक पर अचानक अनुचित हरकत की और उसके पैर पकड़ने की कोशिश की।

चलती बाइक पर हुई घटना

पीड़िता ने बताया कि उसने रैपिडो ऐप से बाइक बुक की थी। सफर के दौरान जब ड्राइवर ने बार-बार गलत हरकतें कीं तो उसने विरोध किया। युवती ने ड्राइवर से कहा, “भैया, क्या कर रहे हो, मत करो,” लेकिन वह नहीं रुका। युवती ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि वह इलाके से अपरिचित थी इसलिए वह बाइक रुकवाने की हिम्मत नहीं जुटा पाई। वह बस अपने पीजी पहुंचने का इंतजार कर रही थी। वहीं घबराई युवती ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया हालांकि छेड़छाड़ इतनी तेज़ थी कि पहली बार वह इसे रिकॉर्ड नहीं कर पाई थी।

माफी मांगी, फिर दी धमकी

जब वे मंजिल पर पहुंचे तो पास खड़े एक व्यक्ति ने युवती की घबराहट और स्थिति को भांप लिया और उसकी मदद के लिए आगे आया। उस व्यक्ति के सामने ड्राइवर ने माफी मांगी और कहा कि वह दोबारा ऐसा नहीं करेगा। लेकिन जाते-जाते आरोपी ड्राइवर ने पीड़िता की ओर गंदा और धमकी भरा इशारा किया जिससे वह और भी अधिक असुरक्षित महसूस करने लगी।

पुलिस कार्रवाई और चेतावनी

पीड़िता ने तुरंत विल्सन गार्डन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम पोस्ट 

पीड़िता ने अपनी पोस्ट में लिखा, “किसी को भी कैब, बाइक या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए। यह पहली बार नहीं है जब मेरे साथ ऐसा हुआ हो लेकिन आज मैं खामोश नहीं रह सकी।” उसने अन्य महिलाओं से सतर्क रहने, अंतरात्मा पर भरोसा करने और चुप न रहने की अपील की है।

आगे की जांच 

पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और रैपिडो कंपनी से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *