अमलोरी खदान में बड़ा हादसा टला! 205 टन क्षमता वाले BEML हालपैक डंपर का पहिया निकला, बाल-बाल बचा चालक

1076 Shares

सिंगरौली। एनसीएल की अमलोरी परियोजना के खदान क्षेत्र में आज प्रथम पाली के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खदान में कोयला परिवहन के लिए उपयोग किए जाने वाले 205 टन क्षमता वाले BEML हालपैक डंपर का अचानक पहिया निकल जाने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। घटना अमलोरी परियोजना के हाल रोड की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रथम पाली के दौरान 205 टन क्षमता वाला BEML हालपैक डंपर खदान क्षेत्र में संचालित था। इसी दौरान अचानक डंपर का पहिया निकल गया। भारी-भरकम मशीन के साथ हुई इस घटना ने मौके पर मौजूद लोगों को सकते में डाल दिया। गनीमत रही कि डंपर की चपेट में कोई अन्य व्यक्ति या वाहन नहीं आया। वहीं, घटना के दौरान चालक भी पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है। यदि उस समय आसपास कोई कर्मचारी या अन्य वाहन मौजूद होता तो परिणाम बेहद गंभीर हो सकते थे।

205 टन के डंपर का पहिया निकलना, आखिर जिम्मेदार कौन?

खदान क्षेत्र में सैकड़ों टन क्षमता वाली भारी मशीनों का संचालन बेहद संवेदनशील कार्य है। ऐसे में मशीनों की नियमित तकनीकी जांच, रखरखाव और सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है। 205 टन क्षमता वाले हालपैक डंपर का पहिया अचानक निकल जाना मशीन के तकनीकी रखरखाव और सुरक्षा जांच की व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या डंपर को संचालन में लगाने से पहले उसकी तकनीकी जांच की गई थी? क्या मशीन के पहियों और अन्य महत्वपूर्ण पुर्जों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा था? यदि नियमित मेंटेनेंस और सुरक्षा जांच की व्यवस्था है तो फिर इस तरह की घटना कैसे घटित हो गई?

हादसा या सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल?

अमलोरी परियोजना के खदान क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खदान में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि परियोजना प्रबंधन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। ऐसी भारी मशीनों में छोटी-सी तकनीकी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। अब देखना होगा कि परियोजना प्रबंधन इस घटना को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या डंपर के पहिए निकलने के वास्तविक कारणों की तकनीकी जांच कराई जाती है? साथ ही, क्या अन्य हालपैक डंपरों की भी सुरक्षा जांच सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल राहत की बात यही है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इसने अमलोरी परियोजना की मशीनों के रखरखाव और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जरूरत जरूर सामने ला दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *