अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग का शिकंजा! 7 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त

1096 Shares

सिंगरौली। जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए कुल 7 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। कलेक्टर अंकित अस्थाना के निर्देशानुसार जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर मिट्टी, रेत, मुरूम और बोल्डर के अवैध परिवहन में लगे वाहनों को पकड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक खनिज अधिकारी रामसुशील चौरसिया ने मिट्टी के अवैध परिवहन में संलग्न 2 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया। वहीं, खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा ने रेत के अवैध परिवहन में लगे 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली, मुरूम के अवैध परिवहन में संलग्न 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा बोल्डर के अवैध परिवहन में लगे 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया।

जब्त किए गए सभी 7 वाहनों को पुलिस थाना कोतवाली बैढ़न, पुलिस चौकी जयंत एवं पुलिस थाना मोरवा में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग द्वारा संबंधित वाहनों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में विभागीय कार्रवाई लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *