हरीश रावत का दावा: बागेश्वर कांग्रेस का मायका, 2027 में होगा बड़ा परिवर्तन

3.3kViews
1243 Shares

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि बागेश्वर कांग्रेस का मायका है और इस बार बागनाथ व बैजनाथ की धरती से जरूर परिवर्तन होगा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी

न्याय यात्रा के तहत द्वाराहाट जाते समय मेलाडुंगरी हेलीपैड पहुंचे रावत का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से स्वागत किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय यात्रा को जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सवाल आज भी अनसुलझे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देने के लिए तैयार हैं। बागेश्वर विधानसभा सीट पर वर्ष 2007 से भाजपा के कब्जे और कांग्रेस की चुनावी रणनीति से जुड़े सवाल पर रावत ने कहा कि बागेश्वर के लोग इस बार कांग्रेस के साथ हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि बागनाथ और बैजनाथ की धरती से परिवर्तन की शुरुआत होगी। हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। बेरोजगारी लगातार बढ़ने से युवाओं के सपने टूट रहे हैं, जबकि विकास का पहिया भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। उन्होंने कहा कि जनता इन समस्याओं को सहन कर रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।

इस दौरान पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री गोपाल दत्त भट्ट, राजेंद्र टगड़िया, पूर्व विधायक ललित फर्सवाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र परिहार, पूर्व ब्लाक प्रमुख भरत फर्सवाण, ब्लाक अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा, हेम वर्मा, प्रकाश कोहली, लक्ष्मण आर्या, प्रकाश चंद्र, नीरज कांडपाल, गिरीश तिवारी और संजय फर्सवाण सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *