झारखंड में गोवंश के संरक्षण और उनकी बेहतर देखभाल के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। अब राज्य के किसी भी जिले में गोवंश के चारा-पानी और इलाज के लिए पैसों की कमी आड़े नहीं आएगी। झारखंड गौ सेवा आयोग ने राज्य के सभी 24 जिलों के लिए 20-20 लाख रुपये के कॉर्पस फंड की व्यवस्था की है।
इस पहल के तहत प्रत्येक जिले को गोवंश के संरक्षण के लिए 20 लाख रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। यानी राज्य के सभी जिलों के लिए कुल 4 करोड़ 80 लाख रुपये का कॉर्पस फंड निर्धारित किया गया है।
चारा-पानी और इलाज पर खर्च होगी राशि
इस फंड का इस्तेमाल सड़कों पर घूमने वाले, दुर्घटनाग्रस्त और तस्करी के दौरान पकड़े गए गोवंश की देखभाल के लिए किया जाएगा। जरूरत के मुताबिक उनके लिए चारा, पानी, चिकित्सा और दूसरी जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किया जा सकेगा।
उपायुक्त करेंगे फंड की निगरानी
इस राशि की निगरानी संबंधित जिले के उपायुक्त यानी डीसी करेंगे। इससे आपात स्थिति में गोवंश की देखभाल के लिए अलग से राशि स्वीकृत होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
झारखंड गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद के मुताबिक, पहले फंड की कमी के कारण गोवंश के भरण-पोषण और चिकित्सा व्यवस्था में परेशानी आती थी। अब कॉर्पस फंड की व्यवस्था से इन समस्याओं को दूर करने में मदद मिलेगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

