दिल्ली के 53 होटल और गेस्ट हाउस पर NGT का शिकंजा, बोरवेल में डिजिटल मीटर नहीं लगाने पर एक हफ्ते में कार्रवाई का आदेश
देश की राजधानी दिल्ली में भूजल के अवैध दोहन को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण यानी NGT ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकरण ने नियमों का पालन नहीं करने वाले 53 होटलों और गेस्ट हाउसों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इन प्रतिष्ठानों पर आरोप है कि इन्होंने अपने बोरवेल में भूजल की निकासी मापने के लिए जरूरी डिजिटल वाटर मीटर और पायजोमीटर नहीं लगाए हैं।
दरअसल, यह पूरा मामला दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में होटलों और गेस्ट हाउसों द्वारा भूजल के इस्तेमाल से जुड़ा है। भूजल की निकासी को नियंत्रित करने और उसकी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित प्रतिष्ठानों को डिजिटल वाटर फ्लो मीटर और पायजोमीटर लगाने के निर्देश दिए गए थे।
दिल्ली जल बोर्ड की 2 सितंबर 2026 को दाखिल अनुपालन रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 555 होटलों और गेस्ट हाउसों की जांच की गई थी। इनमें शुरुआत में 123 प्रतिष्ठान नियमों का पालन नहीं करते पाए गए थे।
इसके बाद हुई कार्रवाई में 42 प्रतिष्ठानों ने जरूरी उपकरण लगा लिए, जबकि 25 ने बताया कि उनके परिसर में कोई बोरवेल नहीं है। एक प्रतिष्ठान संबंधित एसडीएम के अधिकार क्षेत्र से बाहर पाया गया और दो प्रतिष्ठानों के बोरवेल सील किए गए।
हालांकि, इसके बावजूद 53 होटल और गेस्ट हाउस ऐसे बचे हैं, जिन्होंने अब तक निर्देशों का पालन नहीं किया है। इस पर NGT ने संबंधित अधिकारियों को इन प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सुनवाई के दौरान करोल बाग की एसडीएम सपना प्रोया ने अधिकरण को बताया कि शेष 53 प्रतिष्ठानों के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद कार्रवाई की रिपोर्ट भी दाखिल की जाएगी।
NGT ने दिल्ली जल बोर्ड को भी मामले में अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। इस मामले की अगली सुनवाई 9 फरवरी 2027 को निर्धारित की गई है।
दरअसल, भूजल का लगातार दोहन दिल्ली जैसे महानगरों के लिए गंभीर पर्यावरणीय चिंता का विषय है। बिना मीटर के पानी की निकासी होने पर यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि कोई प्रतिष्ठान कितना भूजल इस्तेमाल कर रहा है।
ऐसे में NGT का यह निर्देश भूजल संरक्षण और नियमों के पालन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि संबंधित अधिकारी एक सप्ताह के भीतर 53 प्रतिष्ठानों पर क्या कार्रवाई करते हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

