डाकघर जाने का झंझट खत्म! अब घर बैठे खोलें नई पॉलिसी और जमा करें प्रीमियम, नवंबर से शुरू होगी सर्विस
डाकघर से जीवन बीमा कराने वाले जिले के ग्राहकों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। डाक विभाग डाक जीवन बीमा (पीएलआई) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) की सेवाओं को डिजिटल करने जा रहा है। मुरादाबाद में नवंबर के पहले सप्ताह से नई व्यवस्था शुरू हो जाएगी। इसके लिए डाक विभाग के कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जा रही है।
इसके जरिये एजेंट नई पालिसी खोलने और प्रीमियम जमा करने की प्रक्रिया आनलाइन पूरी कर सकेंगे। इससे ग्राहकों और एजेंटों का समय बचेगा। साथ ही कागजी कार्यवाही कम होने से बीमा सेवाओं का संचालन भी आसान होगा।
पुरानी प्रणाली की जगह लेगा नया साफ्टवेयर
डाक विभाग बीमा सेवाओं के संचालन में इस्तेमाल होने वाली पुरानी एमकैमिश प्रणाली की जगह नई इंश्योरेंस मैनेजमेंट साल्यूशन (आइएमएस) प्रणाली लागू कर रहा है।
इसके लिए विभाग ने नया साफ्टवेयर विकसित किया है। नई प्रणाली का उद्देश्य बीमा संबंधी कामकाज को सरल, सुरक्षित और प्रभावी बनाना है। मुरादाबाद में इसके लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
नवंबर के पहले सप्ताह से डाक जीवन बीमा की सेवाएं आनलाइन शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जा रही है। इससे ग्राहकों को घर बैठे नई पालिसी खोलने और प्रीमियम जमा करने की सुविधा मिलेगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

