इंदौर में पानी व्यर्थ बहाया तो कटेगा चालान’:महापौर की अपील- पहले 2-3 बार समझाएगा निगम, फिर होगी कार्रवाई; दीपावली तक निगरानी

1140 Shares

शहर में पानी की बर्बादी रोकने के लिए नगर निगम अब जागरूकता के साथ सख्ती की तैयारी में है। घरों में जरूरत से ज्यादा पानी बहाने और पीने योग्य पानी का अनावश्यक इस्तेमाल करने वालों को पहले दो-तीन बार समझाइश दी जाएगी। इसके बाद भी यदि पानी की बर्बादी नहीं रुकी तो वीडियो बनाकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसी अभियान के तहत महापौर पुष्यमित्र भार्गव सोमवार को शहर की गलियों में पहुंचे और रहवासियों से पानी बचाने की अपील की।

महापौर ने पार्श्वनाथ, विनय नगर, जैन कॉलोनी और लोकमान्य नगर में लोगों से बातचीत कर पानी का जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि गर्मी में पानी की जरूरत बढ़ जाती है। ऐसे में पानी की बर्बादी का नुकसान अंततः शहरवासियों को ही उठाना पड़ेगा। हर घर में पानी का इस्तेमाल जरूरत के मुताबिक होना चाहिए, ताकि भविष्य में जल संकट से बचा जा सके।

पहले समझाइश, फिर वीडियो बनाकर चालान

महापौर ने अभियान में जुटी एनजीओ की टीम को निर्देश दिए कि पानी बर्बाद करते पाए जाने वाले लोगों को शुरुआत में दो-तीन बार समझाया जाए। इसके बाद भी यदि स्थिति में सुधार नहीं होता है तो पानी की बर्बादी का वीडियो बनाकर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाए। निगम का उद्देश्य लोगों को पानी बचाने के लिए जागरूक करने के साथ अनावश्यक खपत पर रोक लगाना है।

आरओ के वेस्ट पानी का भी करें इस्तेमाल

महापौर ने लोगों को घरों में आरओ से निकलने वाले वेस्ट पानी को फेंकने के बजाय दोबारा इस्तेमाल करने की सलाह दी। इस पानी का उपयोग पौधों में डालने, गाड़ी धोने और कपड़े धोने जैसे कामों में किया जा सकता है। इससे पीने योग्य पानी की बर्बादी कम होगी और उपलब्ध पानी का बेहतर उपयोग हो सकेगा।

दीपावली तक चलेगा निगरानी अभियान

महापौर ने एनजीओ की टीम को दीपावली तक अभियान का चार्ट तैयार कर नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। जिन स्थानों पर हरी घास दिखाई दे रही है, वहां भी दो-दो दिन की समय-सीमा तय कर उसकी कटाई कराने को कहा गया है।

इस दौरान जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ‘बबलू’, पार्षद योगेश गेदर और नगर निगम के जोनल अधिकारी मौजूद रहे। निगम का फोकस अब घरों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी की बर्बादी रोकने, लोगों को जागरूक करने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *