जमुई में बाउंड्री वाल को लेकर खूनी संघर्ष, पुलिस के सामने चले लाठी-डंडे; 12 घायल

1414 Shares

थाना क्षेत्र के पेटरपहाड़ी पंचायत अंतर्गत मुसवाडीह गांव में शनिवार को जमीन पर चहारदीवारी निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे, टांगी और सब्बल चलने से दोनों पक्षों के 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हैरान करने वाली बात यह रही कि सूचना पर पहुंची डायल-112 की पुलिस टीम के सामने भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती रही।
जानकारी के अनुसार, एक पक्ष की ओर से जमीन पर चहारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा था, जिसका दूसरे पक्ष ने यह कहते हुए विरोध किया कि जमीन उनकी है। इसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। इस मारपीट में एक पक्ष से प्रेमलाल राय, अनीता देवी, लक्ष्मी राय, दीपक कुमार, रूपेश कुमार और मनोज कुमार तथा दूसरे पक्ष से सीताराम राय, जयदेव राय, पुष्पा देवी, बबलू राय, टुनटुन राय और त्रिपुरारी राय घायल हो गए हैं। इनमें प्रेमलाल राय के सिर में गंभीर चोट आई है। पहले पक्ष के घायल लक्ष्मी राय ने बताया कि जमीन का पहले ही बंटवारा और नापी हो चुकी है और वे अपने हिस्से की जमीन पर घर बनाने के लिए चहारदीवारी खड़ी करवा रहे थे, तभी विपक्षियों ने हमला कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष के घायल सीताराम राय का कहना था कि वे पुलिस की मौजूदगी में निर्माण रोकने और बातचीत से मामला सुलझाने गए थे, लेकिन दूसरे पक्ष ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से कुल सात लोगों को हिरासत में लिया है। थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने बताया कि मुसवाडीह गांव में चहारदीवारी निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। सभी घायलों का चकाई रेफरल अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। दोनों पक्षों से लिखित आवेदन प्राप्त हो चुका है, जिसके आधार पर केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *