WhatsApp अपनी चैट में Instagram Reels शेयर करने के एक्सपीरियंस को काफी आसान बना रहा है। इसके लिए चैट के अटैचमेंट मेन्यू में एक नया शॉर्टकट जोड़ा जा रहा है। इस नए शॉर्टकट की मदद से यूजर्स के पास WhatsApp पर रील्स शेयर करने का एक सीधा और फास्ट तरीका आ जाएगा। अब मीडिया पिकर में जाकर वीडियो ढूंढने के बजाय, यूजर्स सीधे चैट में दिए गए Reels बटन पर टैप कर सकेंगे और हाल ही में देखी गई, सेव की गई या लाइक की गई रील्स को ब्राउज करके भेज सकेंगे। ये फीचर फिलहाल चुनिंदा Android बीटा टेस्टर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है।
इस नए शॉर्टकट का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को अपना WhatsApp अकाउंट Meta के Accounts Centre से लिंक करना होगा। अगर कोई यूजर WhatsApp को Instagram और Facebook से अलग ही रखना चाहता है, तो वह बिना अकाउंट लिंक किए पहले की तरह एप इस्तेमाल करता रह सकता है। हालांकि ऐसे यूजर्स को चैट अटैचमेंट मेन्यू में ये Reels बटन नहीं दिखाई देगा।
बता दें कि WhatsApp पहले से ही मीडिया पिकर के जरिए Instagram और Facebook की स्टोरीज, पोस्ट्स और रील्स शेयर करने की सुविधा देता है। लेकिन इसके लिए यूजर्स को पिकर खोलकर अंदर अलग-अलग सेक्शन्स में जाना पड़ता था। नया शॉर्टकट रील्स को अटैचमेंट मेन्यू में ही एक अलग बटन दे देता है, जिससे बिना किसी एक्स्ट्रा झंझट के एक क्लिक में वीडियो शेयर हो जाता है।
ये फीचर WhatsApp beta for Android 2.26.42.9 वर्जन में देखा गया है। अभी इसे केवल कुछ बीटा टेस्टर्स के लिए ही जारी किया गया है, इसलिए अपडेट इंस्टॉल करने के बाद भी हो सकता है कि ये बटन सभी को तुरंत न दिखे। कंपनी ने अभी तक ये साफ नहीं किया है कि इस फीचर को सभी रेगुलर यूजर्स के लिए कब तक रोलआउट किया जाएगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

