जीवन में कई बार हमारा सामना ऐसे लोगों से होता है, जो हर बात में अपनी चलाना चाहते हैं। ऑफिस में कोई सहकर्मी आपके काम का श्रेय लेने की कोशिश करता है, तो घर में कोई आपकी भावनाओं और फैसलों को महत्व नहीं देता। कई बार ऐसे लोग मानसिक तनाव का कारण बन जाते हैं।
चाणक्य नीति से जुड़ी एक प्रमुख सीख है कि व्यक्ति को अपनी निजी बातें सोच-समझकर दूसरों के साथ साझा करनी चाहिए। हर व्यक्ति आपका शुभचिंतक नहीं होता। कुछ लोग आपकी भावनाओं, डर या मजबूरियों का गलत फायदा उठाते हैं। इसलिए ऑफिस हो या घर, अपनी निजी परेशानियां केवल भरोसेमंद लोगों के साथ साझा करें। इसका अर्थ यह नहीं कि आप अपनी भावनाएं छिपाकर रखें, बल्कि सही व्यक्ति पर भरोसा करना सीखें। अपनी उपलब्धियों और क्षमताओं को भी आत्मविश्वास के साथ सामने रखें। जब आप अपनी सीमाओं और ताकत को समझते हैं, तो दूसरों के लिए आपको दबाना मुश्किल हो जाता है।
आप कह सकते हैं, “मैं आपकी बात समझता हूं, लेकिन आप भी मेरी बात समझें। क्योंकि हर बार ऐसा नहीं हो सकता है कि मैं ही सुनता रहूं और आप बोलते रहें।” ऑफिस में कोई सहकर्मी आपके काम का श्रेय ले, तो तथ्यों के साथ अपनी भूमिका स्पष्ट करें। घर में भी अपनी पसंद और असहमति व्यक्त करना सीखें। याद रखें, अपनी सीमाएं तय करना बदतमीजी नहीं, बल्कि आत्मसम्मान की रक्षा करना है।
हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं
जब कोई व्यक्ति आपको गुस्सा दिलाने या नीचा दिखाने की कोशिश करता है, तो तुरंत प्रतिक्रिया देने से स्थिति बिगड़ सकती है। ऐसे समय में चुप रहकर परिस्थिति को समझना और सोच-समझकर जवाब देना चाहिए।
चाणक्य की नीतियों से प्रेरणा लेते हुए धैर्य को अपनी ताकत बनाएं। सामने वाला गुस्से में हो, तो आप भी गुस्से में आकर बहस न बढ़ाएं। जरूरत पड़ने पर बातचीत रोक दें और बाद में शांत मन से अपनी बात रखें।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

