केरलम: रात में रोने पर आठ महीने की बच्ची की हुई थी हत्या, तीन साल बाद मां गिरफ्तार

1280 Shares

 केरलम में आठ महीने की बच्ची के रात में रोने पर एक शख्स ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी और शव को दलदली इलाके में फेंक दिया। यह घटना अगस्त 2023 की है। वह शख्स उस महिला के साथ रहता था जिसकी यह बच्ची थी। लगभग तीन साल बाद पुलिस ने बच्ची की मां मंजू को गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों ने बताया कि 12 अगस्त 2023 को वलंजावट्टम में बच्ची का शव मिला था। पति एसक्की के साथ 2023 में विवाद के बाद मंजू अपनी बच्ची को लेकर अलाप्पुझा चली गई थी। वह जब कलारकोडे में एक दुकान पर बैठी थी, तब सिवन नाम का व्यक्ति आया और उन दोनों की देखभाल की पेशकश की। इसके बाद मंजू, सिवन के साथ रहने लगी। अगस्त 2023 की एक रात बच्ची जोर-जोर से रोने लगी।

पुलिस के अनुसार, सिवन को गुस्सा आया और उसने उसका गला दबा दिया। दोनों ने वहां एक शख्स शक्ति को बुलाया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर शव ठिकाने लगा दिया। यह मामला तब सामने आया जब मंजू बिना बच्ची के पलक्कड़ स्थित अपनी कालोनी लौटी।

कालोनी में रहने वाले एक शख्स ने सूचना पुलिस को दी। पूछताछ के दौरान, मंजू ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस दो अन्य आरोपितों सिवन और शक्ति की तलाश कर रही है। मंजू को अदालत के सामने पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *