नालंदा में नाश्ता परोसने में देरी पर हिंसक बवाल, होटल संचालक पर चाकू से हमला; हिरासत में 2 आरोपी

7.7kViews
1808 Shares

 शहर के बस स्टैंड स्थित एक होटल में सोमवार की देर रात नाश्ता परोसने में हुई देरी को लेकर जमकर बवाल हो गया। होटल संचालक के साथ मारपीट की गई और चाकू से हमला करने का भी आरोप है।

घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया। एहतियातन काली स्थान में चल रहे जागरण कार्यक्रम को भी बंद करा दिया गया।

ऑर्डर में देरी पर भड़के आरोपी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब साढ़े 12 बजे दर्जनों युवक बस स्टैंड स्थित होटल में नाश्ता करने पहुंचे। उस समय पहले से भी कई ग्राहक अपने ऑर्डर का इंतजार कर रहे थे।

होटल संचालक धर्मजीत कुमार पहले से बैठे ग्राहकों को नाश्ता परोसने लगे, जिससे कुछ युवक भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और होटल में तोड़फोड़ करते हुए संचालक के साथ मारपीट की। इसी दौरान संचालक पर चाकू से भी हमला किया गया।

स्थानीय लोगों का दावा है कि होटल से बाहर निकलने के बाद दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई। हालांकि, फायरिंग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जागरण का कार्यक्रम कराया गया बंद

घटना के बाद बस स्टैंड और मेले में अफरातफरी का माहौल बन गया। अनुमंडल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा हालात पर काबू पाया।

किसी प्रकार का तनाव न फैले, इसे देखते हुए मुख्य सड़क स्थित काली स्थान में चल रहे जागरण कार्यक्रम को भी बंद करा दिया गया।

हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि होटल में मारपीट की घटना हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, उन्होंने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *