फेसबुक पर एड क्लिक किया और गंवाए 10 लाख रु, FD तुड़वाकर साइबर शातिरों ने निकाली जीवन भर की कमाई

7.1kViews
1181 Shares

फेसबुक पर स्माल बैंक के एप पर क्लिक करते ही बुजुर्ग के खाते से 9.80 लाख रुपये निकल गए। साइबर अपराधियों ने बैंक में जमा एफडी को तुड़वाकर उसकी धनराशि को बुजुर्ग के खाते मे जमा कराया, इसके बाद सारी रकम अपने खातों में जमा करवा दी। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

सदर के शहजादी मंडी अनूप कुमार अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि 16 अक्टूबर को उन्होंने फेसबुक पर उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक का विज्ञापन देखा। जिसे क्लिक करने पर वह पेंशनर कार्ड का लिंक था। कुछ देर बाद ही उनके मोबाइल पर कॉल आई।

कॉल करने वाले ने उनके पेंशनर कार्ड के बारे में पूछा और कहा कि जैसे-जैसे वो कहे, करते जाएं। इसके बाद कॉल करने वाले ने उनसे वाट्सएप पर चैट करके नेटबैकिंग आन करवा ली। उनके खाते में 12 हजार रुपये और दस लाख रुपये की एफडी थी। नेट बैंकिंग से उनकी एफडी को तुड़वाने के बाद खाते में जमा करवा दी, जिसके बाद दोपहर में उनके मोबाइल पर 3.39 लाख रुपये कटने का मैसेज आया।

इसके बाद उनके खाते से कई बार कुल 9.80 लाख रुपये निकल गए। बैंक जाकर जानकारी करने पर पता चला कि वह साइबर अपराध के शिकार हो गए हैं।

मुकदमा दर्ज किया गया है, आरोपितों का पता लगाने का प्रयास

डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जिन खातों में रकम भेजी गई है, उनके आधार पर आरोपितों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *