झारखंड में मानसून का अजब खेल, कहीं बारिश की कमी तो कहीं बेहिसाब बरसात; जानें जिलेवार हाल

1680 Shares

झारखंड में इस साल मानसून की बारिश का वितरण बेहद असमान रहा। 1 जून से 30 सितंबर 2026 तक राज्य में कुल 1005.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य वर्षापात 1022.9 मिलीमीटर है। यानी पूरे राज्य में बारिश सामान्य से करीब 2 प्रतिशत कम रही।

जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पश्चिमी सिंहभूम में सबसे ज्यादा 1476 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई, जो सामान्य से 47 प्रतिशत अधिक है। इसके बाद सरायकेला-खरसावां में 1220.3 मिलीमीटर और रांची में 1215.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लातेहार में भी सामान्य से 13 प्रतिशत अधिक वर्षापात हुआ।

वहीं, बारिश की कमी वाले जिलों में पाकुड़ सबसे आगे रहा। यहां 584.6 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 52 प्रतिशत कम है। चतरा में सामान्य से 36 प्रतिशत, देवघर में 29 प्रतिशत, गुमला में 26 प्रतिशत, गढ़वा में 24 प्रतिशत और कोडरमा में 22 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।

कुछ जिलों में बारिश सामान्य के आसपास भी रही। धनबाद में 1105.7 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 2 प्रतिशत अधिक है, जबकि रामगढ़ में 2 प्रतिशत और जामताड़ा व खूंटी में 3-3 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।

कुल मिलाकर झारखंड में मानसून का औसत आंकड़ा सामान्य के करीब रहा, लेकिन जिलों के बीच बारिश में बड़ा अंतर देखने को मिला। यही वजह है कि राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की कमी रही, जबकि कुछ जिलों में सामान्य से काफी अधिक वर्षा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *