LPG उपभोक्ता ध्यान दें! 30 सितंबर तक नहीं किया ये काम, तो डबल कीमत पर खरीदना पड़ेगा सिलिंडर
जिन गैस कनेक्शनधारकों ने अभी तक आधार सत्यापन (ई-केवाइसी) नही कराई है, उनके लिए सरकार ने आखिरी मौका दिया है। 30 सितंबर तक आधार सत्यापन कराने का समय दिया है। इसके बाद सत्यापन न कराने वाले उपभोक्ताओं को पहली अक्टूबर से घरेलू गैस सिलिंडर लेने के लिए दोगुणी कीमत चुकानी पड़ सकती है। जिले में करीब एक लाख उपभोक्ताओं ने आधार सत्यापन नहीं कराया है।
सरकार ने कई बार कनेक्शनधारकों को अवसर दिया कि वे आधार सत्यान करा लें। सख्ती करते हुए आधार सत्यापन न कराने पर गैस बुकिंग बंद कर दी गई। अब सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि 30 सितंबर तक आधार सत्यापन नहीं कराने पर कनेक्शनधारकों को सिलिंडर तो मिलेगा, लेकिन सब्सिडी नहीं दी जाएगी।
उन्हें मार्केट रेट पर सिलिंडर दिया जाएगा। राजेंद्र गैस एजेंसी संचालक राजेंद्र कुमार ने बताया कि मार्केट रेट वाला 14 किलो का सिलिंडर 1600 से 1700 रुपये का है। लोगों से अपील है कि जिन्होंने आधार सत्यापन नहीं कराया है, वे तुरंत करा लें।
ऐसे करें आधार सत्यापन
आधार कार्ड, गैस पासबुक और पंजीकृत मोबाइल नंबर साथ लेकर अपनी गैस एजेंसी पर जाएं। एजेंसी पर उपलब्ध बायोमेट्रिक मशीन (फिंगरप्रिंट स्कैनर) पर अंगुली रखकर आप अपना सत्यापन कराएं। इस तरह ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक कंपनी ने अपना एप भी बनाया है। इस एप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें। साथ में आधार फेस रीड एप्लीकेशन डाउनलोड करके घर बैठे भी ई-केवाइसी करा सकते हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

