एशियाई खेलों के बीच भारत की बड़ी तैयारी: खेल मंत्री ने एक्वाटिक प्रमुख से की मुलाकात, जलीय खेलों पर हुआ मंथन

1798 Shares

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को विश्व एक्वाटिक्स के अध्यक्ष हुसैन अल-मुसल्लम से मुलाकात करके भारत में तैराकी, गोताखोरी आदि खेलों के विकास पर चर्चा की। यह बैठक यहां एशियाई खेलों के दौरान आयोजित की गई थी। हुसैन अल-मुसल्लम एशियाई ओलिंपिक परिषद के महानिदेशक भी हैं।

खेल मंत्रालय चाहता है कि भारत खेलों में महाशक्ति बने और यह जलीय खेलों के बिना संभव नहीं है, जिसमें ओलिंपिक में कई पदक दांव पर लगे होते हैं। पेरिस ओलिंपिक में एक्वेटिक्स स्पर्धा में कुल 49 पदक दिए गए थे।

मांडविया ने एक्स पर पोस्ट किया कि जापान के नागोया में एशियाई खेलों के दौरान मैंने एशियाई ओलिंपिक परिषद (ओसीए) के महानिदेशक और वर्ल्ड एक्वाटिक्स के अध्यक्ष कैप्टन हुसैन अल-मुसल्लम के साथ बैठक की।

उन्होंने कहा कि हमने भारत के राष्ट्रीय खेल संघों और उनके संबंधित एशियाई संघों के बीच सहयोग को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर भागीदारी और युवा प्रतिभाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए भारत में जलीय खेलों को के विकास पर चर्चा की। भारत ने 2038 में एशियाई खेलों की मेजबानी करने में दिलचस्पी दिखाई है। दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश 2036 में ओलिंपिक खेलों की मेजबानी करने की दौड़ में भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *