मायके पहुंचने से पहले उजड़ा परिवार! सुपौल में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा, जीजा-पत्नी व साली की दर्दनाक मौत
Supaul Road Accident Birpur: सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला भीषण सड़क हादसा सामने आया है। हृदयनगर पंचायत स्थित पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने एक बाइक में जबर्दस्त टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में बाइक सवार युवक, उसकी पत्नी और साली सहित एक ही परिवार के तीन लोगों की असमय मौत हो गई।
शनिवार देर शाम तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे। अरविंद अपनी पत्नी और साली को उनके मायके छोड़ने के लिए बाइक से कटैया जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हृदयनगर स्थित पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर काफी दूर फेंका गए और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद मौका पाकर चालक ट्रैक्टर को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने डायल-112 पर सूचना दी और तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को इलाज के लिए वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के उपरांत एक महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अरविंद और दूसरी महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक ड्रेसिंग के बाद बेहतर इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दोनों घायलों ने भी दम तोड़ दिया।
-
सुपौल के वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हृदयनगर पंचायत में पेट्रोल पंप के समीप ट्रैक्टर और बाइक के बीच भीषण टक्कर
-
हादसे में बाइक सवार अरविंद ऋषिदेव, उनकी पत्नी श्रुति देवी और साली मूर्ति देवी की मौत; तीनों एक ही बाइक से जा रहे थे कटैया
-
वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में एक को मृत घोषित करने के बाद दो को किया गया था रेफर, रास्ते में दोनों ने भी तोड़ा दम
-
परिजनों ने अनुमंडलीय अस्पताल में समुचित उपचार न मिलने का लगाया आरोप; पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर किया जब्त
इधर, घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने घायलों को जरूरी जीवनरक्षक दवाएं और समुचित प्राथमिक उपचार दिए बिना ही आनन-फानन में रेफर कर दिया, जिससे रास्ते में दोनों की सांसें थम गईं। हालांकि, इस आरोप पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
ट्रैक्टर जब्त, चालक की तलाश में जुटी पुलिस
सड़क हादसे की खबर मिलते ही वीरपुर सर्किल इंस्पेक्टर और थानाध्यक्ष संजय दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। तीनों मृतकों के शवों का सुपौल सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद रविवार को परिजनों को सौंप दिया गया, जहां एक साथ तीन चिताएं सजने से गांव में हर आंख नम हो गई।
वीरपुर थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। परिजनों के लिखित बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
करजाईन में तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को रौंदा
करजाईन थाना क्षेत्र अंतर्गत फकीरना चौक के समीप रविवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने एक साइकिल सवार को कुचल दिया। इस हादसे में साइकिल सवार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त करजाईन थाना क्षेत्र के बौराहा वार्ड संख्या 4 निवासी मोहम्मद सफीद (55) के रूप में हुई है। घटना के बाद चौक पर अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहम्मद सफीद फकीरना चौक से जरूरी दवा लेकर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे चौक से कुछ आगे बढ़े, पीछे से अत्यधिक गति में आ रहे एक ट्रक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मारते हुए उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही करजाईन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें आनन-फानन में राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में चीत्कार मच गया। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। परिजनों से लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जदिया में कंटेनर और बाइक की आमने-सामने टक्कर
उधर, जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत तमकुल्हा चौक के निकट रविवार सुबह कंटेनर और बाइक के बीच हुई सीधी भिड़ंत में बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल की पहचान कोरियापट्टी पूरब पंचायत अंतर्गत हिरापट्टी वार्ड संख्या 12 निवासी अखिलेश यादव के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अखिलेश यादव बाइक से त्रिवेणीगंज की ओर से जदिया बाजार की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान तमकुल्हा चौक के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक बड़े कंटेनर से उनकी बाइक की भीषण आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक छिटककर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची जदिया थाना पुलिस ने घायल को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल, त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को जब्त कर थाना परिसर लाया गया है। मामले में लिखित शिकायत मिलने के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

