कटकमसांडी थाना क्षेत्र की कंचनपुर पंचायत के पुरनाडीह गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक आर्मी जवान का शव काली मंदिर के पीछे रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान पुरनाडीह निवासी रामकुमार देव के पुत्र धनंजय कुमार देव के रूप में हुई है। वह भारतीय सेना में कार्यरत था और वर्तमान में बंगाल में उसकी पोस्टिंग थी।
धनंजय तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी करीब 10 वर्ष पहले सेना में नौकरी लगी थी। वह अविवाहित था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर कटकमसांडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
घटना को लेकर कंचनपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अशोक राणा ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि सेना जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत जवान की इस तरह की मौत बेहद दुखद और गंभीर विषय है। पूरे मामले की जांच होनी चाहिए, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके। उन्होंने पुलिस से मामले की शीघ्र और गंभीरता से जांच करने की मांग की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के पीछे क्या कारण रहा, इसका पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

