संगम नगरी में गंगा नदी पर स्टेनली रोड से मलाक हरहर तक बन रहे सिक्स लेन पुल की खूबसूरती अब रात में भी देखते ही बन रही है। पुल पर लगाई गई आकर्षक फसाड लाइट्स का मंगलवार सात बजे के बाद परीक्षण किया गया।
करीब 9.8 किलोमीटर लंबे सिक्स लेन पुल का निर्माण दो हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कराया जा रहा है। पुल का 95 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। निर्माण पूरा होने के बाद यह पुल प्रयागराज के यातायात को नई रफ्तार देने के साथ ही शहर के प्रमुख आकर्षणों में भी शामिल होगा। पुल पर आधुनिक प्रकाश व्यवस्था की गई है, जिससे रात में इसकी भव्यता और बढ़ जाएगी।
पुल पर आवागमन जल्द शुरू कराने की तैयारी
फसाड लाइटों की टेस्टिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। अब पुल की तकनीकी और संरचनात्मक जांच की तैयारी है। अगले दो से तीन दिन में पुल की टेस्टिंग कराई जाएगी। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करके पुल पर आवागमन शुरू कराने की तैयारी है।
प्रोजेक्ट निदेशक नुसरतुल्लाह खान ने बताया कि फसाड लाइट की टेस्टिंग पूरी हो गई है। दो से तीन दिन में पुल की टेस्टिंग कराई जाएगी। इसके बाद पुल को यातायात के लिए खोलने की प्रक्रिया शुरू होगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

