Vaishno Devi Yatra: मां वैष्णो देवी जाने वालों के लिए जरूरी खबर! बैटरी कार सेवा बंद, पारंपरिक मार्ग से यात्रा जारी
बीते सोमवार रात को लगातार हुई बारिश के बीच मां वैष्णो देवी यात्रा के महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग का एक हिस्सा धंस गया। मार्ग के हिमकोटी क्षेत्र में ठंडा नाला के पास जमीन धंसने के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ-साथ बैटरी कार सेवा को भी अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। मार्ग को दुरुस्त करने के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने प्रयास शुरू कर दिए हैं।
मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से का जायजा लेने के लिए श्राइन बोर्ड के संबंधित विभागों के इंजीनियर और अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। हालांकि पल पल बदल रहे मौसम के कारण मार्ग को पूरी तरह दुरुस्त करने में कुछ दिनों का समय लग सकता है। जब तक मार्ग सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक इस हिस्से में श्रद्धालुओं की आवाजाही और बैटरी कार सेवा स्थगित रहेगी।
13 हजार श्रद्धालु भवन की ओर रवाना
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम चार बजे तक करीब 13 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं का कटड़ा पहुंचना लगातार जारी रहा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

