बिहिया नगर पंचायत में 7.47 करोड़ का सफाई टेंडर, बिना सेफ्टी किट के काम करने को मजबूर सफाई कर्मी

6.1kViews
1233 Shares

 बिहिया नगर पंचायत में सफाई व्यवस्था पर करीब 7.47 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं, लेकिन सफाई कार्य में लगे कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है। नगर पंचायत क्षेत्र में कई सफाई कर्मी बिना ग्लव्स, उपयुक्त जूते, सेफ्टी जैकेट और निर्धारित ड्रेस के कचरा उठाने तथा सफाई कार्य करते नजर आ रहे हैं।

जोखिम वाले सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल नहीं होने से कर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

नगर पंचायत में सफाई, कचरा उठाव एवं इससे जुड़े कार्यों के लिए 7,46,91,124 रुपये की राशि का दो वर्षीय टेंडर किया गया है। सफाई कार्य से संबंधित एग्रीमेंट की शर्तों में कर्मियों की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट प्रावधान किया गया है

₹100 प्रति व्यक्ति प्रति दिन की पेनल्टी का प्रावधान

एग्रीमेंट में कहा गया है कि सफाई कर्मियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाने चाहिए। इसमें ग्लव्स, जूते, सेफ्टी जैकेट आदि सुरक्षा उपकरणों का उल्लेख है।इतना ही नहीं, एग्रीमेंट में सुरक्षा उपकरणों के बिना किसी सफाई कर्मी के काम करते पाए जाने पर एजेंसी पर ₹100 प्रति व्यक्ति प्रति दिन की पेनल्टी का भी प्रावधान है।

एग्रीमेंट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उपलब्ध कराए गए मानवबल की सुरक्षा के लिए एजेंसी जिम्मेदार होगी। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि सफाई कर्मी बिना सुरक्षा उपकरण के कार्य करते पाए जा रहे हैं तो क्या नगर पंचायत की ओर से इसका संज्ञान लेकर एग्रीमेंट की शर्तों के अनुसार एजेंसी पर निर्धारित पेनल्टी लगाई जा रही है।

कचरा उठाव, नालियों की सफाई और अन्य स्वच्छता कार्यों में कर्मियों का सीधे गंदगी के संपर्क में आना जोखिमपूर्ण है। वहीं, स्वच्छता पदाधिकारी अभिषेक राज ने कहा कि यह गंभीर मामला है, मेरे पास फोटो है उसी हिसाब से एजेंसी का पैसा कट किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *