नोएडा में भीड़ ने मोबाइल चोर को जमकर पीटा, हॉस्पिटल में मौत; 12 लोगों को हिरासत में लेकर CCTV खंगाल रही पुलिस
जनपद में एक मोबाइल चोर की पिटाई से मौत का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने प्राप्त शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्जकर 12 लोगों को हिरासत में लिया है। अब घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि प्रमोद सोमवार रात को पड़ोस में रहने वाली एक महिला का मोबाइल चोरी करने का प्रयास कर रहा था। हालांकि, महिला की नजर पड़ गई। उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने प्रमोद को पकड़ लिया। सबने आपा खोते हुए उसकी जमकर धुनाई कर दी। कुछ देर के बाद जब लोगों ने उसे छाेड़ा तब तक उसकी हालत बिगड़ गई थी।
इसके बाद अपने एक दोस्त और एक अन्य युवक की मदद से प्रमोद को घायलावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पर प्रमोद की देर रात तबियत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। जानकारी होने पर गाजियाबाद में रहने वाले प्रमोद के मामा ब्रिजनंदन भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस को बुलाया था।
ब्रिजनंदन ने फेज वन थाने में शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस संबंध में थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रमोद के दोस्त से मारपीट करने वालों की पहचान कराई जा रही है। घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

