राजधानी में चलेगी हाइड्रोजन ट्रेन, सोनीपत से सब्जी मंडी होते हुए नई दिल्ली तक पहुंचेगी; ट्रायल पर काम जारी

6.7kViews
1259 Shares

 हाइड्रोजन ट्रेन का भविष्य में नई दिल्ली स्टेशन तक विस्तार होने की संभावना है। 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को जींद से सोनीपत के लिए रवाना किया था। 89 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक पर शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में बाकी छह दिन ये ट्रेन चलती है। वहीं शुक्रवार को जींद से सब्जी मंडी होते हुए नई दिल्ली और फिर सोनीपत तक ट्रायल लिया जा रहा है।

जिसमें ट्रेन के संचालन में लगने वाले समय और अन्य व्यवस्थाओं का भी आकलन किया जा रहा है। जिसके कारण चर्चाएं होने लगी हैं कि भविष्य में हाइड्रोजन ट्रेन को जींद से वाया सब्जी मंडी, नई दिल्ली होते हुए सोनीपत तक चलाया जा सकता है। हालांकि रेलवे अधिकारी अभी इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहे हैं।

ऐसी चर्चाएं इसलिए भी हो रही हैं, क्योंकि जींद-सोनीपत रूट पर ट्रेन में यात्रियों की संख्या कम है। अगर जींद से वाया सब्जी मंडी, नई दिल्ली होते हुए सोनीपत तक ट्रेन को चलाया जाए, तो यात्रियों की संख्या बढ़ेगी। जींद से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या भी ज्यादा है।

क्या है हाइड्रोजन ट्रेन का रूट

हाइड्रोजन ट्रेन के रूट में पांडु पिंडारा, गोहाना, लाठ, मोहाना और सोनीपत स्टेशन शामिल हैं। ट्रेन का संचालन 74010 और 74009 सेवाओं के रूप में होता है। ट्रेन प्रतिदिन सुबह 7:40 बजे जींद से रवाना होकर 9:40 बजे सोनीपत पहुंचती ह। वापसी में सुबह 10:30 बजे सोनीपत से चलकर दोपहर एक बजे जींद पहुंचती है। ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलती है। ट्रेन की अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा है।

हाइड्रोजन से बनाती है बिजली

हाइड्रोजन ट्रेन दो 1,200 किलोवाट हाइड्रोजन-इलेक्ट्रिक प्रणोदन प्रणालियों से संचालित होती है। इसमें आनबोर्ड ईंधन सेल हाइड्रोजन और ऑक्सीजन को मिलाकर बिजली पैदा करते हैं, जिसका इस्तेमाल ट्रेन को चलाने के लिए किया जाता है। इस प्रक्रिया में उप-उत्पाद के रूप में जल वाष्प और गर्मी निकलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *