शोपियां में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी! आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़, AK-47 समेत कई हथियार बरामद
जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सोमवार को सुरक्षाबलों ने एक संयुक्त अभियान के दौरान आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ किया। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।
अधिकारियों के अनुसार, विशेष सूचना के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस, 44 राष्ट्रीय राइफल्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने शोपियां के नाइकपोरा मेमेंदर इलाके में संयुक्त अभियान शुरू किया था। इस दौरान बाग क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी में संदिग्ध ठिकाने का पता चला
तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को एक संदिग्ध ठिकाना मिला, जहां से एक एके47 राइफल, दो एके 47 मैगजीन, 7.62 एमएम के 60 कारतूस, एक पिस्तौल, एक ग्रेनेड और 9 एमएम के छह कारतूस बरामद किए गए।
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों का नया ‘गुप्त नेटवर्क’ बेनकाब!
उधर, जम्मू-कश्मीर में ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग का मामला सामने आने के बाद आतंकियों और उनके हैंडलरों के संचार के नए तरीकों का पता चला है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, आतंकी संगठन और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआई कथित तौर पर पोर्नोग्राफी वेबसाइटों और कुछ एन्क्रिप्टेड एप्लिकेशन का इस्तेमाल जम्मू-कश्मीर में अपने संपर्कों तक गुप्त संदेश और निर्देश पहुंचाने के लिए कर रहे हैं। इस रणनीति का मकसद पारंपरिक इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर होने वाली निगरानी से बचना है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

