प्रेम विवाह से नाराज दो साले भाइयों ने अपने जीजा की बेरहमी से हत्या कर दी। गांव कद्दगिल निवासी 25 वर्षीय जगजीत सिंह उर्फ जग्गा को तरनतारन बस अड्डे के बाहर उसके साले जसप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह ने घेर लिया। आरोप है कि दोनों ने चाकू से उसके चेहरे पर 83 वार किए।
मृतक के पिता तरसेम सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा डीजे का काम करता था और अधिकतर अपने ननिहाल गांव नौरंगाबाद में रहता था। इसी दौरान उसका गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। युवती के स्वजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसके बावजूद दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ घर से भागकर विवाह कर लिया और करीब एक महीने तक बाहर रहे।
सास को मोटरसाइकिल पर छोड़ने गया था जग्गा
परिवार के अनुसार, करीब चार दिन पहले ही जग्गा अपनी पत्नी के साथ घर लौटा था। रविवार को उसकी सास बेटी से मिलने गांव कद्दगिल आई थी। जग्गा दोपहर करीब 11:40 बजे अपनी सास को मोटरसाइकिल पर बस अड्डे छोड़ने गया था।सास को छोड़कर लौटते समय दोपहर करीब 12:02 बजे बस अड्डे के बाहर उसके साले दोनों भाइयों ने उसे घेर लिया। दोनों के हाथों में चाकू थे।
गिरते ही वार करने किए शुरू
हमले के दौरान जग्गे की मोटरसाइकिल फुटपाथ पर गिर गई और आरोपितों ने उसे सड़क पर गिराकर हमला शुरू कर दिया। चेहरे पर लगातार चाकू से वार किए जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आरोपित भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस हत्या के पीछे प्रेम विवाह और पारिवारिक रंजिश समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

