मुंबई से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहां मुंबई पुलिस ने एक अज्ञात यूट्यूबर के खिलाफ मानहानि और फर्जी खबर फैलाने का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि इस यूट्यूबर ने अपने चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें भायखला के रहने वाले 55 साल के एक फोटोग्राफी टीचर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े का पति बता दिया गया था।
अगस्त को उनके पड़ोसी ने व्हाट्सएप पर इस वीडियो का लिंक भेजा। वीडियो में टीचर के नाम, शिक्षा, पेशे, धर्म, शौक और परिवार से जुड़ी निजी जानकारियों का इस्तेमाल किया गया था, साथ ही उनके और मेयर के साथ वाली भ्रामक तस्वीरें भी लगाई गई थीं।
पीड़ित टीचर ने दर्ज कराया मामला
वीडियो देखने के बाद पीड़ित टीचर ने इस बात से आहत होकर 27 अगस्त को कालाचौकी पुलिस स्टेशन में इसकी आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए ‘gk-shorts-videos’ नाम से चल रहे इस यूट्यूब चैनल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस इन बातों की कर रही जांच
फिलहाल, पुलिस टेक्निकल टीम की मदद से आईपी (IP) एड्रेस और अन्य डिजिटल सबूतों के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस चैनल को कौन चला रहा है। टीचर ने पुलिस को इस वीडियो के स्क्रीनशॉट भी सौंप दिए हैं, और मामले की आगे की जांच जारी है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

