बेतिया में इंस्टाग्राम का प्यार पहुंचा मंदिर की चौखट तक, थाने में पंचायत के बाद प्रेमी जोड़े ने लिए सात फेरे

1891 Shares

 इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और आखिरकार मामला जगदीशपुर थाने से होते हुए हनुमान मंदिर तक पहुंच गया, जहां प्रेमी जोड़े के स्वजन की रजामंदी से जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बन्हौरा गांव निवासी बलराम कुमार और दिउलिया गांव निवासी राजकली कुमारी की शादी करा दी गई।

बताया जाता है कि दोनों के बीच पिछले तीन वर्षों से इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत हो रही थी। समय के साथ दोस्ती प्रेम प्रसंग में बदल गई।

शनिवार की सुबह दोनों घर से निकल गए। युवती के स्वजन ने इसकी सूचना जगदीशपुर थाना को दी, जिसके बाद दोनों की तलाश शुरू हुई। खोजबीन के दौरान दोनों के बेतिया राजड्योढ़ी स्थित चिल्ड्रेन पार्क में होने की सूचना मिली।

इसके बाद युवती के स्वजन दोनों को शनिवार देर शाम जगदीशपुर थाना लेकर पहुंचे। युवक के स्वजन भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने पहले दोनों की उम्र का सत्यापन कराया।

हनुमान मंदिर में हुई शादी

दोनों के बालिग होने की पुष्टि हुई और उन्होंने अपनी मर्जी से शादी करने की इच्छा जताई। इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से जगदीशपुर मिडिल स्कूल के समीप स्थित हनुमान मंदिर में विवाह की रस्म पूरी कराई गई। मंदिर में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई।

युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भरा और सात फेरे लेकर साथ निभाने का वचन दिया। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर विवाह की खुशियों को और यादगार बना दिया।

जगदीशपुर मुखिया प्रतिनिधि अब्बास अंसारी ने बताया कि दोनों परिवारों की रजामंदी और मौजूदगी में विवाह संपन्न कराया गया।

थानाध्यक्ष नितेश कुमार ने बताया कि युवक और युवती दोनों बालिग हैं तथा दोनों ने अपनी इच्छा से शादी करने की बात कही। विवाह के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ महिलाएं और ग्रामीण भी गवाह बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *