रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में 14 साल बाद भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति का महामंथन रविवार से शुरू हुआ। होटल राजमहल में दो दिन चलने वाली बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित करीब 350 प्रतिनिधि जुटे हैं। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तीकरण और मिशन-2028 की चुनावी तैयारियों पर रणनीति बनाई जा रही है।
नेताओं ने साथ बैठकर सुनी ‘मन की बात’
बैठक की शुरुआत ध्वजारोहण और प्रदर्शनी के उद्घाटन से हुई। इसके बाद सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया गया। प्रदेश कार्यसमिति के 106 सदस्यों के अलावा सांसद, मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी सहित करीब 350 प्रतिनिधि इसमें शामिल हैं।
बूथ से चुनाव तक तैयार होगा पूरा रोडमैप
बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और बूथों को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा होगी। 2028 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों का रोडमैप तैयार किया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विचार होगा। ‘विकसित भारत 2047’ और ‘समरसता का संकल्प’ जैसे विषय भी एजेंडे में हैं।
गुटबाजी की चर्चा पर बोले नरोत्तम, ये ‘काल्पनिक बातें’
पूर्व मंत्री व विधायक डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा में गुटबाजी और संगठन में बदलाव की चर्चाओं को काल्पनिक बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन मजबूती से खड़ा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, नितिन नवीन तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में काम कर रहा है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

